सीतापुर। यूपी बोर्ड परीक्षा की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन समाप्त हो गया है। जिले में इस बार 3.55 लाख उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की गई। निर्धारित अवधि से पहले मूल्यांकन पूरा होने पर डीआईओएस ने सभी परीक्षकों को बधाई दी है।
जिले में इस बार राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज व आरआरडी इंटर कॉलेज में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की गई।
16 मार्च से चल रहे मूल्यांकन को 31 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया था। लेकिन परीक्षकों ने कड़ी मेहनत करके इस दो दिन पहले ही समाप्त कर दिया है। डीआईओएस राजेंद्र सिंह ने बताया जिले में 3,55,675 उत्तरपुस्तिकाओं की जांच की गई है। अब विद्यार्थियों का रिजल्ट बनाने की प्रक्रिया शुरू होगी। उम्मीद है जल्द ही रिजल्ट भी आ जाएगा।