सीतापुर। महमूदाबाद इलाके में सोमवार सुबह अचानक बिजली गिरने से दो घरों में कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण फुंक गए। इससे लाखों का नुकसान हुआ है। लेखपाल ने निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया।
महमूदाबाद के बेहटा छावनी में सिधौली मार्ग पर स्थित राकेश चंद्र कनोजिया व विमलेश मिश्रा के घर में सोमवार सुबह करीब नौ बजे तेज गड़गड़ाहट के साथ बिजली गिर गई। इससे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। राकेश चंद्र कनौजिया ने बताया कि वह अपने कमरे में टीवी देख रहे थे, तभी तेज आवाज के साथ अचानक बिजली गिर गई। इससे घर में लगा एसी, सभी पंखे, टीवी और वायरिंग फुंक गई।
विमलेश मिश्रा ने बताया कि बिजली गिरने से उनके घर में भी लगा एसी, पंखे, टीवी सहित अन्य उपकरण जल गए। लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना पाकर लेखपाल रजनीश सोनकर ने मौके का जायजा लिया।