पिसावां (सीतापुर)। ब्लॉक में तैनात रोजगार सेवक और उसका पूरा परिवार कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज की श्रेणी में आ गए है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने परिवार के सभी सदस्यों को लखीमपुर जिला अस्पताल में आईसोलेट कर सैंपल जांच के लिए भेजे है।
पिसावां ब्लॉॅक में तैनात रोजगार सेवक इलाके के एक ही गांव का रहने वाला है। बच्चों की पढ़ाई के लिए वह मैगलगंज में रहता है। बताया जाता है कि कुछ दिन पूर्व तुर्की से लौटकर आए मैगलगंज के बैट्री कारोबारी के पड़ोस में ही रोजगार सेवक का परिवार रहता है।
मंगलवार को रोजगार सेवक का बेटा तुर्की से लौटे यात्री के संपर्क में आ गया था। इसके बाद घर चला आया था। तब तक तुर्की से लौटे यात्री में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हो सकी थी।
19 मार्च को लखनऊ में जांच के बाद आई रिपोर्ट के बाद यात्री के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद रोजगार सेवक समेत उसका परिवार में बीमारी की आशंका है। इस बीच रोजगार सेवक के बेटे की हालत खराब हो गई है।
उसके गले में तेज दर्द, सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। इसकी सूचना मिलते ही लखीमपुर का स्वास्थ्य महकमा हरकत में आ गया। लखीमपुर से मैगलगंज पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रोजगार सेवक, उसकी पत्नी, दो बेटों को जिला अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया है। कोरोना वायरस के टेस्ट के लिए सैंपल लखनऊ भेजा गया है।