रामपुर मथुरा। बीआरसी कार्यालय में मंगलवार को परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों और प्रभारी प्रधानाध्यापकों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बीईओ उदयमणि पटेल ने शिक्षकों को विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने और विभागीय योजनाओं का समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मध्याह्न भोजन योजना, मैथ ओलंपियाड, मेरा भारत, सरकारी डिजिटल प्लेटफार्म, अभिभावक संपर्क और आधारविहीन बच्चों की सूची तैयार करने पर चर्चा हुई। बीईओ ने प्रेरणा पोर्टल पर शिक्षकों व विद्यार्थियों की उपस्थिति नियमित दर्ज करने व निपुण लक्ष्य एप का प्रभावी उपयोग करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्मार्ट क्लास का संचालन, शिक्षक डायरी का नियमित रखरखाव और शिक्षण योजनाएं तैयार करने के निर्देश भी दिए।
साथ ही मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस योजना के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। बीईओ ने विद्यालयों में किचन गार्डन विकसित करने और ऑपरेशन कायाकल्प के तहत जरूरी कार्य समय से पूरे कराने को कहा। उन्होंने जीर्ण-शीर्ण विद्यालय भवनों की नीलामी और ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी करने के निर्देश दिए। बीईओ ने शिक्षकों से सभी विभागीय कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की अपील की। बैठक में क्षेत्र के समस्त परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक और प्रभारी प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे।