महोली। इलाके के लालपुर गांव के निकट बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन सही कर रहा एक प्राइवेट बिजली कर्मी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मंगलवार दोपहर क्षेत्र के इनायत नगर निवासी धर्मेंद्र (30) बड़ागांव क्षेत्र के लालपुर गांव के निकट बिजली लाइन सही कर रहे थे। उसी दौरान अचानक आपूर्ति शुरू हो गई। इससे धर्मेंद्र करंट की चपेट में आकर झुलसकर खंभे से नीचे जा गिरे। मौके पर पहुंचे ग्रामीण व परिजन निजी वाहन से सीएचसी लेकर आए। जिला अस्पताल में करीब दो घंटे बाद उनकी मौत हो गई।
-
विभाग का नहीं है कर्मी
इस कर्मी का बिजली विभाग से कोई लेना-देना नहीं है। लाइनमैन के कहने पर वह नहीं गया था। मोबाइल टावर की लाइन सही करते समय हादसा होने की जानकारी मिली है।
-आरके सिंह, मुख्य अभियंता