फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sitapur News: शहर में चार व ग्रामीण इलाकों में 12 घंटे ठप रही बिजली

Sun, 24 May 2026 11:50 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सीतापुर
विज्ञापन
सदर बाजार में बिजली लाइन सही करता कर्मचारी। संवाद
विज्ञापन
सीतापुर। भीषण गर्मी में बिजली की अघोषित कटौती लोगों को परेशान कर रही है। रविवार को शहर में ट्रांसफार्मर फुंकने, जंपर उड़ने व तार टूटने से 30 मोहल्लों में चार घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। ग्रामीण इलाकों का तो इससे भी बुरा हाल है। 24 घंटे में मुश्किल से आठ से 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है। फॉल्ट दुरुस्त करने में ही पांच से छह घंटे लग जाते हैं। इससे किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, उद्योग-धंधे अपनी क्षमता के अनुसार चल नहीं पा रहे हैं। घरों के इलेक्ट्राॅनिक उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। इससे उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विज्ञापन

भवानीपुर उपकेंद्र से जुड़े तरीनपुर इलाके में रविवार दोपहर ट्रांसफार्मर फुंक गया। बिजली आपूर्ति बंद होने पर उपभोक्ताओं ने अफसरों से शिकायत की। करीब चार घंटे बाद ट्रांसफार्मर बदला जा सका। इसी तरह नवीन चौक, खूबपुर, विकास नगर व भार्गव कॉलोनी में जंपर उड़ने से करीब दो घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। इस दौरान ट्रिपिंग भी होती रही। एक घंटे में पांच से छह बार ट्रिपिंग हुई तो इलेक्ट्राॅनिक उपकरण फुंकने के डर से लोग परेशान रहे।
सिटी उपकेंद्र से जुड़े नई बस्ती, लोहारबाग, अंबेडकर नगर, विजयलक्ष्मीनगर सहित अन्य मोहल्लों में कई जगह तार टूट गए। बिजली कर्मचारियों ने तार ठीक कर आपूर्ति बहाल की। इस दौरान तीन घंटे बिजली आपूर्ति ठप रही। दोपहर में बिजली न आने से पानी की आपूर्ति भी प्रभावित रही। कई घरों में पानी का भी संकट नजर आया।
विज्ञापन

पिसावां उपकेंद्र से जुड़े गांवों में 24 घंटे में महज 10 घंटे बिजली आपूर्ति हुई। उपभोक्ता रामप्रकाश व बबलू ने बताया कि केवल दिन में बिजली आ रही है। रात में बिजली आपूर्ति ठप होने से लोग सो नहीं पा रहे हैं। वोल्टेज इतना लो आ रहा है कि उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं।
सिधौली नगर व ग्रामीण इलाकों में फॉल्ट दुरुस्त होने में 10 से 12 घंटे लग जा रहे हैं। अघोषित कटौती और बिजली की आवाजाही से उपभोक्ता परेशान हैं। सतेंद्र गुप्ता, उपेंद्र त्रिपाठी, सुजान अवस्थी, अनुराग अग्निहोत्री आदि ने विद्युत अधिकारियों से कटौती पर रोक लगाने और निर्धारित रोस्टर के अनुसार आपूर्ति की मांग की है। रेउसा के बभनेवा उपकेंद्र में तैनात अधिकारी व कर्मचारी उपभोक्ताओं की शिकायतों को नजरंदाज कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है। सुदामा, नीलम, डॉ. सूबेदार वाजपेयी आदि ग्रामीणों का कहना है कि रोस्टिंग का समय निर्धारित नहीं है। बिजलीकर्मी मनमाने तरीके से आपूर्ति बंद कर देते हैं। आलम यह है कि रात में बिजली न मिलने से लोग टहलकर रात काटने को मजबूर हैं। शिकायत के बावजूद विभागीय अधिकारी व कर्मचारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें