सीतापुर। शहर के 30 से अधिक मोहल्लों की बिजली बृहस्पतिवार को छह घंटे गुल रही। इस लंबी कटौती के चलते करीब एक लाख की आबादी प्रभावित हुई। शाम चार बजे के बाद आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
33 केवी पुराना सीतापुर उपकेंद्र से जुड़े कजियारा, श्यामनाथ, दुर्गापुरवा, रामलीला मैदान व पेपर मिल फीडर बृहस्पतिवार को बंद रहे। इसी तरह 11 केवी एनवीपी फीडर, हरदोई रोड फीडर व रामनगर फीडर भी बंद रहे। इन फीडरों के बंद होने से 30 से अधिक मोहल्लों में बिजली कटौती हुई।
सुबह 10 से शाम चार बजे तक आपूर्ति बंद रही। इस लंबी कटौती के चलते घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। दिन में ही अंधेरा छा गया। कई जगहों पर पानी का संकट खड़ा हो गया। इससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। एसडीओ हिमांशु पटेल ने बताया कि मरम्मत के चलते शटडाउन लिया गया था।