सीतापुर। शहर से सटे भवानीपुर उपकेंद्र का रामलीला मैदान फीडर सात घंटे बंद रहा। इसकी वजह से फीडर से जुड़े 25 से अधिक मोहल्ले में सात घंटे बिजली गुल रही। इस लंबी कटौती के चलते पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया। इससे व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हुआ। करीब 70 हजार की आबादी प्रभावित हुई।
उपकेंद्र से जुड़े 11केवी रामलीला मैदान फीडर पर बुधवार को मरम्मत के चलते शटडाउन लिया गया। सुबह 10 से शाम चार बजे तक कटौती की गई। कटौती के कारण कांशीराम कॉलोनी, मन्नी चौराहा, मुंशीगंज, हेमपुरवा, रामलीला मैदान व तरीनपुर सहित अन्य मोहल्लों में बिजली आपूर्ति ठप रही। लंबी बिजली कटौती के चलते घरों में लगे इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए। इससे दिन में घरों में अंधेरा छा गया।
कई मोहल्लों में पीने के पानी का संकट खड़ा हो गया। मोहल्लेवासियों ने निजी हैंडपंप के जरिए अपनी जरूरतें पूरी की। कारोबार प्रभावित हुआ। पेड़ों की छटाई के बाद शाम को आपूर्ति बहाल हुई। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। एसडीओ हिमांशु पटेल ने बताया कि मरम्मत के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।