सीतापुर। नैपालापुर उपकेंद्र से जुड़े 20 से अधिक मोहल्लों में शनिवार को आठ घंटे बिजली गुल रही। इस वजह से लोेगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शाम छह बजे के बाद आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। करीब 15 हजार की आबादी प्रभावित हुई।
उपकेंद्र पर शनिवार को मरम्मत का काम किया गया। इसके चलते सुबह नौ बजे शटडाउन लिया गया था। इस वजह से पंचमपुरवा, रामकृष्णपुरी, आनंद नगर से लेकर आजाद नगर बिजवार, नेपालापुर, नैमिषपुरम, आदर्श नगर, लखीमपुर रोड, शाहमहोली, बड़ागांव, हरिहरपुर सोनारी, लहरपुर रोड, बाबूगंज, महमूदपुर, अकबरपुर कला, मजलिसपुर उनेरा की बिजली आपूर्ति ठप रही। बिजली न आने के कारण कई मोहल्लों में पानी की किल्लत देखने को मिली। आनंद नगर मोहल्ले में कई लोगों के घरों में लगे सबमर्सिबल भी नहीं चल सके।