सीतापुर जिले में इन दिनों बिजली का हाल बेहद खराब है। बिजली संकट गहराने से जिले के करीब एक लाख सत्तर हजार उपभोक्ता अघोषित कटौती से जूझ रहे हैं। बिजली उत्पादन की छह यूनिटें बंद होने से संकट गहराता जा रहा है। सबसे बुरा हाल ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं का है।
ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की जबरदस्त किल्लत पैदा हो गई है। 24 घंटे में डेढ़ से दो घंटे ही आपूर्ति मिल पा रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है। विभागीय जानकारों के मुताबिक 2 अनपरा, 2 ओबरा, 1 पनकी, 1 हरदुआगंज की बिजली यूनिटें एक साथ बंद होने से संकट गहरा गया है।
मांग के सापेक्ष जिले को पहले से ही 30 मेगावॉट आपूर्ति कम मिल रही है। अब बिजली की छह यूनिटें बंद होने से आपूर्ति में 20 मेगावॉट अतिरिक्त कटौती हो रही है। इससे बिजली का संकट पैदा हो गया है और अघोषित कटौती बढ़ गई है। इसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है।