सीतापुर। आंधी व बारिश की वजह से जिले के करीब 1500 गांवों में दूसरे दिन शनिवार को भी बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी पर नहीं लौट सकी। बिजली निगम की टीमें बाधित बिजली आपूर्ति को दुरुस्त बनाने के लिए फॉल्ट दुरुस्त बनाने में जुटी रही। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोगों को पेयजल के साथ ही अन्य समस्या भी उठाना पड़ रही है।
बृहस्पतिवार रात में आंधी-बारिश के बाद से करीब दो हजार गांवों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था ठप हो गई थी। तमाम जगहों पर पोल टूटने, सप्लाई लाइनों पर पेड़ गिरने, जंफर उड़ने व ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर गई थी। आपूर्ति दुरुस्त बनाने के लिए बिजली निगम की टीमें लगातार जुटी रही। इसके बावजूद शनिवार शाम तक सिर्फ 500 गांवों की बिजली आपूर्ति ही बहाल हो सकी। करीब 1500 गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारू न हो पाने से लोगों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
किसान राकेश ने बताया कि बिजली न आने से तेज धूप में फसलों की सिंचाई न होने से उनके खराब होने का खतरा भी बढ़ गया है। मोहित ने बताया कि दो दिनों से बिजली सप्लाई न आने से घरों में मौजूद इलेक्ट्रानिक उपकरण भी महज शोपीस बनकर रह गए हैं। अधीक्षण अभियंता राजेश तोमर ने बताया कि फॉल्ट दुरूस्त करने के लिए टीमें दिनरात काम कर रही है। जल्द ही पूरे जिले में आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।