सीतापुर। शहर के भवानीपुर फीडर से जुड़े मोहल्लों में बीती रात करीब चार घंटे बिजली गुल रही। इससे करीब 40 हजार आबादी को दिक्कतें उठानी पड़ी। भवानीपुर फीडर से मोहल्ला विकास नगर, खूबपुर, श्रीनगर, कांशीराम कॉलोनी सहित 20 से अधिक मोहल्लों में बिजली आपूर्ति की जाती है। मंगलवार दिन में मरम्मत के चलते पूरे दिन बिजली गुल रही। देर शाम बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली थी।
उसके बाद बिजली रात में फिर से गायब हो गई। ग्रामीणों ने पावर कॉर्पोरेशन के अफसरों को फोन किया तो उन्होंने फॉल्ट की बात कही। लंबे समय तक कटौती होने से इन्वर्टर दगा दे गए। काफी देर बाद बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
लो वोल्टेज से भी रही दिक्कत
भवानीपुर फीडर में जुड़े कई मोहल्लों में इस समय लो वोल्टेज आ रहा है। ट्रिपिंग की समस्या बनी हुई है। यह समस्या लोगों को काफी परेशान कर रही है। विकास नगर के मोहित व सौरभ ने बताया कि कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है। कोई समाधान नहीं हो पा रहा है।