जीआईसी सभागार में बैठक में मौजूद अधिकारी। (संवाद)
- फोटो : SITAPUR
सीतापुर। पंचायत चुनाव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज के सभागार में एक बैठक हुई। इसमें जिले में संचालित विद्यालयों के प्रबंधक व प्रधानाचार्यों के साथ वाहन स्वामियों ने हिस्सेदारी की।
इसकी अध्यक्षता करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक देवी सहाय तिवारी ने विद्यालयों को निर्देशित किया कि सभी प्रबंधक अपने स्कूली वाहनों की फिटनेस को चुनाव कार्य के लिए 27 अप्रैल से पहले पूरी तरह दुरुस्त करा लें। पंचायत चुनाव के लिए वाहनों का अधिग्रहण ब्लाक स्तर पर 27 अप्रैल से शुरू होगा।
इसमें किसी भी तरह की शिथिलता को चुनावी काम काज में लापरवाही मान कार्रवाई होगी। बैठक में एआरटीओ (प्रशासन) प्रवीण कुमार सिंह ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालय के वाहन चुनाव के पूर्व ही तैयार कर लिए जाए।
वाहन का फिटनेस, बीमा, परमिट जो भी प्रपत्र अपूर्ण हो, उन्हें तत्काल दुरुस्त करा लिया जाए। पंचायत चुनाव के लिए 27 अप्रैल को वाहनों का अधिग्रहण कर ब्लॉक स्तर पर लगाने का नोटिस पूर्व में ही जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम विशाल भारद्वाज के स्तर से जारी किया जा चुका है।
चुनाव कार्य को वाहन उपलब्ध कराने में बहानेबाजी करने वाले स्कूल प्रबंधक व प्रधानाचार्य के खिलाफ प्रशासन सीधे मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई करेगा।