सीतापुर। जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब बिसवां के झज्झर मोहल्ले की एक महिला संक्रमित पाई गई है। वह पथरी का ऑपरेशन कराने केजीएमयू लखनऊ पहुंची तो जांच में रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। महिला को लखनऊ में ही भर्ती कर लिया गया है। अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 66 हो गई है।
बिसवां इलाके के झज्झर मोहल्ले की निवासी 64 साल की बुजुर्ग महिला के पेट में पथरी थी। बताते हैं कि महिला उसी का ऑपरेशन कराने के लिए केजीएमयू लखनऊ गई थी, जहां ऑपरेशन से पहले अस्पताल प्रशासन ने महिला का सैंपल लेकर तीन जुलाई को कोरोना जांच कराई। चार जुलाई की देर रात उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई। सैंपल देकर महिला लखनऊ स्थित अपने घर पर चली गई थी। पॉजिटिव रिपोर्ट के बाद मेडिकल टीम ने उसे केजीएमयू में भर्ती करा दिया है।
सीएमओ डॉ. आलोक वर्मा ने बताया कि कोरोना पॉजिटिव मिली महिला बिसवां के झज्झर के अलावा लखनऊ के मड़ियांव इलाके में मोहिबुल्लापुर स्टेशन के पास पलटन छावनी स्थित अपने घर में रहती थी। बताया कि महिला की कांटेक्ट हिस्ट्री से पता चला है कि वह 14 से 23 जून तक लखनऊ स्थित घर पर ही रही। फिर 24 जून को बिसवां में अपने घर गई थी।
जहां से तीन जुलाई को वह फिर लखनऊ पहुंची, जहां से ऑपरेशन कराने के लिए केजीएमयू पहुंचकर कोरोना की जांच कराई। जिसके बाद अब वह लखनऊ में भर्ती है। कोरोना का नया केस मिलने के साथ ही जिले में मरीजों की संख्या बढ़कर अब 66 हो गई है। हालांकि, राहत की बात ये है कि अब तक 62 मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं। एक्टिव केस की संख्या चार हो गई है। दो मरीज एल-1 अस्पताल खैराबाद में, जबकि दो लखनऊ के अस्पताल में भर्ती हैं।