लहरपुर। क्षेत्र में शुक्रवार सुबह करंट की चपेट में आकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों का रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बरेती जलालपुर निवासी मिसरा (60) वर्तमान में लालपुर गांव में झोपड़ी डालकर रह रहे थे। वह लालपुर में चाट का ठेला लगाकर परिवार का भरण पोषण करते थे।
शुक्रवार सुबह वह लघुशंका के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में रखे एक खोखे में उतर रहे करंट की चपेट में आ जाने से झुलसकर जमीन पर गिर पड़े। हादसे के बाद बुजुर्ग काफी देर तक मौके पर ही पड़े रहे। स्थानीय लोगों ने उन्हें जमीन पर पड़ा देखा तो एक निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर से परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है।
सीओ अभिषेक कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल इस मामले में मृतक के परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच कराई जा रही है।