इमलिया सुल्तानपुर (सीतापुर)। टिकरा गांव में जमीन की रंजिश को लेकर हुए विवाद में एक दबंग ने बेटों के साथ मिलकर बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बुजुर्ग को बचाने दौड़े उसके बेटे को भी दबंगों ने नहीं बख्शा। घटना की खबर पाकर एएसपी उत्तरी, सीओ सदर व थाने की पुलिस फोर्स ने गांव में जांच की। बुजुर्ग के बेटे ने गांव के ही पिता-पुत्र सहित पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की है।
इमलिया सुल्तानपुर इलाके के काजी कमालपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में आने वाले टिकरा गांव निवासी बांकेलाल राठौर (70) का गांव में ही घर के पास पालेसर कारखाना लगा है। बुधवार की देर शाम बुजुर्ग पालेसर के पड़ोस स्थित एक दुकान पर बैठा था। उसका गांव के ही नरेंद्र से जमीन को लेकर विवाद था। इस विवाद को लेकर शाम को भी दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई। आरोप है कि इसके बाद नरेंद्र ने अपने बेटों लवकुश, अनूप, छोटू व लालू के साथ मिलकर बुजुर्ग बांकेलाल पर लात-घूसों से हमला कर दिया। पिटाई होने पर बुुजुर्ग के शोर मचाने पर उसक बेटा विष्णु बचाने दौड़ा, लेकिन तब तक बुजुर्ग को आरोपी पीटकर गंभीर जख्मी कर चुके थे।
बुजुर्ग के बेटे को भी दबंगों ने पीटकर घायल कर दिया। लोगों को आता देखकर हमलावर भाग निकले। इसके बाद वृद्ध को सीएचसी से गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर थाने से पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने जांच कर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। एएसपी डॉ. राजीव दीक्षित, सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय ने मौके पर पहुंचकर जांच की। घटना को लेकर मृतक के बेटे विष्णु ने नरेंद्र, उसके बेटे लवकुश, अनूप, छोटू व लालू को नामजद किया है। एसओ इमलिया सुल्तानपुर ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में पिता-पुत्र समेत पांच लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जमीन खाली कराना चाहते थे दबंग
इमलिया सुल्तानपुर इलाके के टिकरा गांव में जिस जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, उस जमीन पर मृतक बांकेलाल राठौर का पालेसर का कारखाना लगा है। सूत्र बताते हैं कि आरोपियों का दावा था कि दस्तावेजों में यह जमीन उन लोगों की है। आरोपी जमीन खाली कराने का दबाव डाल रहे थे। यह विवाद करीब तीन माह से चल रहा था। बुधवार रात घटना के समय भी इस जमीन विवाद को लेकर पहले बातचीत हुई, फिर घटना हो गई।