सीतापुर। संदना पुलिस ने शुक्रवार को दबिश देकर रानीखेड़ा गांव से आठ जुआरियों को पकड़ लिया। ये लोग दांव लगाकर आसपास के गांव के युवकों को भी खेलने के लिए बुलाते थे। दबिश के दौरान आठ लोग मौके से भागने में भी सफल रहे। सीओ मिश्रिख दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस गश्त के दौरान जुआरियों को पकड़ा गया।
सीओ ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस टीम गश्त कर रही थी। रामगढ़ चीनी मिल के पास रानीखेड़ा गांव में जुआ होने की जानकारी मिली। दबिश दी तो वहां रानीखेड़ा निवासी सिद्धे, महसुई निवासी संजय मिश्रा, रामगढ़ निवासी कृपाशंकर, महसुई निवासी दुर्गा प्रसाद, मुकेश, राजेन्द्र, शशिकांत, हरिहरपुर निवासी दिनेश पांडेय जुआ खेलते मिले। आठों लोगों को मौके से ही पकड़ लिया गया। इसके अलावा आठ लोग मौके से भाग गए। आरोपियों के पास से ताश के पत्ते, 18 हजार रुपये, सात बाइकें व दो साइकिलें भी बरामद हुई हैं। मौके से भागे लोगों को भी जल्द पकड़ा जाएगा।