सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों के 85 शिक्षक अभिलेखों की जांच में खरे उतरे हैं। इन शिक्षकों को जल्द बकाया एरिअर दिया जाएगा। बीएसए ने बकाया दिलवाने के आदेश जारी कर दिए गए है। 12,460 शिक्षक भर्ती के तहत चयनित शिक्षकों के अभिलेख जांचें जा रहे हैं।
जांच में माध्यमिक शिक्षा परिषद, विभिन्न विश्वविद्यालय व टीईटी के प्रमाणपत्रों की गहनता से ऑनलाइन/ऑफलाइन जांच हो रही है। इस भर्ती की अब तक करीब 500 शिक्षकों की जांच पूरी हो चुकी है। इन सभी के लिस्टवार एरिअर निकले जा रहे हैं। हाल ही में 85 शिक्षकों के अभिलेख जांच में सही मिले हैं। बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि इन सभी को जल्द बकाया एरिअर मिल जाएगा।
16 मिल चुके हैं फर्जी
12,460 शिक्षक भर्ती के तहत अब तक 16 शिक्षक फर्जी मिल चुके हैं। यह खुलासा अभिलेखों की जांच में हुआ है। किसी शिक्षक का टीईटी प्रमाणपत्र फर्जी था तो कोई विश्वविद्यालय के अभिलेख में गड़बड़ी किए हुआ था। एक शिक्षक दूसरे के नाम पर नौकरी कर रहा था। बीएसए ने इन सभी को बर्खास्त करते हुए इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है।