लाखाें रुपये खर्च कर अब गांवों में शौचालय (प्रसाधन) बनेंगे। मोदी सरकार के स्वच्छ भारत मिशन के तहत ऐसा संभव हो सकेगा। निर्माण पर आने वाली पूरी धनराशि केंद्र सरकार वहन करेगी। पहले चरण में 19 ब्लॉकों से 64 ग्राम सभाएं इस अभियान में चयनित हुईं हैं। चयनित ग्राम सभाओं में कार्ययोजना बनाकर लाभार्थियों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। एक प्रसाधन पर करीब 12 हजार रुपये खर्च आएगा।
अभी तक शौचालय निर्माण की जिम्मेदारी जिला पंचायत राज कार्यालय के अधीन थी। जहां से निर्मल भारत अभियान के तहत कार्ययोजना बनाकर शौचालय का निर्माण होता है। केंद्र में मोदी सरकार ने सत्ता संभालते ही योजना का नाम बदलकर स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण किया। वहीं शौचालय की लागत 10 हजार से बढ़ाकर 12 हजार रुपये कर दी। यही नहीं इस अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने व हर घर में शौचालय बनाने को लेकर पंचायत राज विभाग के साथ ही मनरेगा को शौचालय निर्माण का जिम्मा सौंपा है। सीतापुर के 19 विकास खंडों में चालू वित्तीय वर्ष में इस अभियान के अंतर्गत 64 ग्राम सभाओं को लिया गया है। चयनित गांवों की कार्ययोजना 20 जुलाई तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले के नरायनपुर, पड़रखा, शेरपुर, अरथलिया ग्रंट, मथुआ सराय, छतांगुर, रामरोड, लालपुर, सुखवा कलां, भोगीपुर, मनिकापुर, कालूपुर, आसल, अम्बाघाट, अल्लीपुर, बोधानपुर, फिरोजपुर, सुर्जेपारा, वजीरपुर, जोधौरा, कोपनामऊ, चिलवारा, हसनापुर, नेवदियापुर, फ कीरपुर, रूस्तमनगर, अटारा, बांसुरा, बरूइ-बरूआ, तेरवां मनिकापुर, सेवता, कनकारी, दरियावन, बभनावां, सकरन, मडमऊ, अकोहरा, अलदातपुर, अहेवा, बरसेहरा, बसंतीपुर, शेरपुर, दरियापुर, बरेपारा, कुहेटा लच्छीपुर, मलसरायं, केदारपुर, शाहपुर, परसेहरा, ननसोहा, ढिखिया, ठाकुरनगर, मोहकमपुर, बेहमा, बिलौली नानकारी, विलौली बाजार, दुघरा, घैला, हुसैनपुर बहादुरपुर, परसेण्डी, सोनारी, नादान, कपसा आदि को शामिल किया गया है।
64 ग्राम सभाओं में 2541 शौचालयों पर 304.92 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। 12 हजार की लागत से बनने वाले शौचालय की पूरी धनराशि केंद्र सरकार वहन करेगी। अभी तक निर्मल भारत अभियान के तहत बन रहे शौचालयों को 10 हजार रुपये का अनुदान मिलता था। जिसमें केंद्र से सात हजार व राज्य से तीन हजार रुपये मिलते थे। .....
श्रम राोजगार, उपायुक्त केके सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान के तहत मनरेगा 19 विकास खंडों की 64 ग्राम सभाओं में 2541 शौचालय बनेंगे। इसको लेकर कार्ययोजना शासन को भेजी गई है।