लहरपुर। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान को लेकर शुक्रवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता न्यायिक उपजिलाधिकारी सर्वेश सिंह ने की। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सभी बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 भरवाएंगे।
एसआईआर के दौरान जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल होने से छूट गए हैं, वह इस अभियान के तहत आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल करने के लिए फॉर्म-6 भरवाया जाएगा। उन्होंने शनिवार 17 और 24 अक्तूबर को होने वाले अभियान में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। बैठक में भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत जायसवाल, देवेश अवस्थी, कांग्रेस के कन्हैया मेहरोत्रा, समाजवादी पार्टी के सुरेश वर्मा, अपना दल एस के दिनेश पटेल सहित प्रदीप कुमार, सत्रोहन लाल, रामू वर्मा और ओमप्रकाश मौजूद रहे।