सीतापुर। शहर में शनिवार को कलेक्ट्रेट में परिसर में धरने के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने आम जनता के साथ अभद्रता की। सांसद आनंद भदौरिया के भाई अभिषेक पर एक मौलाना ने अभद्रता कर जान से मारने व धमकी देने का आरोप लगाया है।
मोहल्ला बट्सगंज निवासी मौलाना उमैर नदवी के अनुसार वह दोपहर के समय बाइक पर अपने साथी के साथ विकास भवन स्थित इंडियन बैंक से रुपये निकालने जा रहे थे। उनके अनुसार सपा कार्यकर्ता सड़क को जाम कर यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हुए धरना दे रहे थे।
इसी बीच सपा सांसद आनंद भदौरिया के छोटे भाई अभिषेक भदौरिया उनके कार्यकर्ता जेपी सिंह व पांच अज्ञात लोगों ने उनकी बाइक को रोकते हुए अभद्रता करते हुए गाली दी। जब पीड़ित बाइक को किनारे खड़ी कर अभद्रता का विरोध करने आया तो आरोपियों ने फिर उनको और उनके साथी को समुदाय विशेष का होने के चलते धमकी दी।
फिर चमड़ी उधेड़कर जान से मार डालने की बात कही। पीड़ित ने मामले की शिकायत एएसपी उत्तरी से की है। एएसपी उत्तरी आलोक सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।