सीतापुर। जिले की पंचायत मतदाता सूची में बड़ी संख्या में डुप्लीकेट मतदाता दर्ज हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से उनकी सूची उपलब्ध कराई गई है। करीब छह लाख डुप्लीकेट मतदाताओं का घर-घर सत्यापन किया जा रहा है।
संबंधित मतदाता के आधार से इसका मिलान बीएलओ की ओर से किया जा रहा है। जिनका मिलान नहीं हो रहा है, उनके नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए चिह्नित किए गए हैं। शुक्रवार तक 9,787 मतदाताओं का नाम सूची से हटाने के लिए चिह्नित किया गया है। इनके नाम निर्धारित प्रक्रिया से मतदाता सूची से हटाए जाएंगे।
जिले में 1588 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें 30,53,706 मतदाता हैं। 6,08,336 डुप्लीकेट मतदाताओं का घर-घर सत्यापन किया जा रहा है। जिन मतदाताओं की ओर से आधार नहीं दिया जा रहा है, उनका नाम मतदाता सूची से विलोपन के लिए चिन्हित किया जा रहा है।
इसे बीएलओ की ओर से गणना शीट पर अंकित करने के बाद, सूची संबंधित खंड विकास अधिकारी को दी जाएगी। उनकी ओर से इसे एक्सल सीट पर भरकर एसडीएम को उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाएंगे।
19 सितंबर तक 19 ब्लॉक क्षेत्रों में 9787 मतदाताओं को नाम विलोपन करने के लिए चिह्नित किया गया है। यह कार्य बीएलओ एप के द्वारा किया गया है। इसके अतिरिक्त अन्य बीएलओ की ओर से मैनुअल भी नाम चिन्हित किए गए हैं। जिसे गणना शीट पर दर्ज किया गया है।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत वीएल भार्गव ने बताया कि अभी किसी का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया गया है। इसके लिए राज्य निर्वाचन आयोग से जारी प्रक्रिया का अनुपालन किया जाएगा।