सीतापुर। आसमान में छाए बादलों के बीच गलन भरी ठंड से बुधवार को जनजीवन प्रभावित रहा। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए। शीतलहर ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। पूरे दिन लोग अलाव, ब्लोअर और हीटर के सहारे भीषण ठंड से बचाव करते नजर आए। अधिकतम पारा दो डिग्री लुढ़क गया। भीषण ठंड को देखते हुए कक्षा एक से आठ तक के स्कूल 17 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं।जिले में मंगलवार देर शाम से ही घना कोहरा छा गया था। दृश्यता शून्य होने से सड़क व रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। बुधवार सुबह कोहरा हल्का हुआ तो आसमान पर बादलों ने डेरा जमा लिया। कई इलाकों में सुबह बूंदाबांदी होने से हालत और खराब हो गई। साथ ही सर्द हवाओं और तीखी गलन के चलते लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। धूप न निकलने से पशु पक्षी भी बेहाल दिखे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बृहस्पतिवार को भी बादल छाए रहने और बूंदाबांदी के आसार हैं। बीएसए बीएसए अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि खराब मौसम के चलते कक्षा एक से आठ तक के बच्चों के लिए 16 व 17 जनवरी का अवकाश घोषित किया गया है।
बुजुर्गों और बच्चों का रखें विशेष ध्यान
चिकित्सकों ने सर्दियों में बुजुर्गों को खानपान पर विशेष ध्यान देते हुए नमक कम, ताजी सब्जियां, दलिया का सेवन करने की सलाह दी है। वहीं, ठंड में बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता पूर्ण विकसित नहीं होने से उन्हें सर्दी, जुकाम, बंद नाक, सांस लेने में तकलीफ, बुखार, गले और कान में इन्फेक्शन जैसी समस्याएं जल्द हो जाती हैं। बच्चों को गर्म कपड़े पहनाने के साथ बाहर न निकलने देने की सलाह दी है।