सीतापुर। नगर पंचायत सिधौली में अब जल्द ही पेयजल व्यवस्था चुस्त दुरुस्त होगी। यहां के मोहल्लों में नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी, साथ ही पानी के लिए नई पानी टंकी का निर्माण होगा। ये कार्य नगरीय विकास योजना से कराए जाएंगे। इस पर सवा दो करोड़ रुपये का बजट व्यय होगा। बतौर पहली किस्त के रुप में 40 लाख का बजट जारी कर दिया गया है। ऐसे में यहां के बाशिंदों को नगर पंचायत की पानी की बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे करीब 40 हजार जनता को फायदा मिलेगा।
नगर पंचायत सिधौली में काफी समय से वाटर सप्लाई की समस्या बनी हुई है। कारण यह है कि यहां के कई मोहल्लों में पाइप लाइन नहीं बिछ सकी है। इससे यहां के बाशिंदे निजी हैंडपंप के जरिए अपनी जरुरतें पूरी करते हैं। यहां के लोगों को वाटर सप्लाई की बेहतर सुविधाएं देने को नगर पंचायत ने पेयजल व्यवस्था चुस्त दुरुस्त करने के लिए प्लान बनाकर शासन को भेजा था।
जिसे शासन ने इसे गंभीरता से लिया है। नगरीय विकास योजना के तहत (एक लाख से कम आबादी वाली शहर) सिधौली में निर्माण कार्य को मंजूरी दी गई है। पेयजल के लिए सिधौली की 237 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। साथ ही पहली किस्त के रुप में 40 लाख रुपये जारी कर दिए गए है। इस बजट से मोहल्लों में नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी।
साथ ही पानी के लिए टंकी बनेगी। इससे प्रत्येक वार्ड के सभी घर वाटर पाइप लाइन के जरिए आच्छादित किए जाएंगे। इससे यहां की करीब 40 हजार आबादी लाभान्वित होगी। ऐसे में अब जल्द निर्माण कार्य भी शुरु हो जाएंगे।
सिधौली नगर पंचायत में 14 वार्ड हैं। लेकिन प्रत्येक वार्ड में पानी की सुविधा नहीं है। संतनगर व गडरियनपुरवा में पाइप लाइन नहीं है। इससे यहां के बाशिंदों को पानी की किल्लत होती है। शासन की तरफ से मिले बजट से प्राथमिकता तौर पर संतनगर व गड़रियनपुरवा में व्यवस्थाएं की जाएंगी।
इससे यहां के बाशिंदे शुद्ध पेयजल का लाभ उठा सकेंगे। एडीएम विनय पाठक ने बताया कि नगरीय विकास योजना के तहत सिधौली नगर पंचायत को 40 लाख रुपये का बजट मिला है। इससे सिधौली में पेयजल की व्यवस्था मजबूत होगी।