हरगांव (सीतापुर)। मुद्रासन में लोक निर्माण विभाग ने सड़क से ऊंची नाली बना दी है। अब बारिश होने से सड़क पर जलभराव हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। पीडब्ल्यूडी के अफसरों की मनमानी से लोगों में रोष है।
मुद्रासन में चार महीने पहले हरगांव-लहरपुर मार्ग से ककराही तक पीडब्ल्यूडी ने सड़क बनाई थी। जलनिकासी के लिए सडक के किनारे नाली का निर्माण भी कराया गया है। सड़क से ऊंची नाली बनने के कारण पानी का निकास नहीं हो पा रहा है। मंगलवार को बरसात होने से सड़क तालाब बन गई जिससे ग्रामीणों को निकलना मुश्किल हो गया। यहां के हरिबंश, रामजी व शत्रोहन लाल वर्मा ने बताया कि नाली निर्माण के समय सड़क से ऊंचाई ज्यादा देख विरोध भी दर्ज किया गया था।
इसके बाद ठेकेदार और पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने मनमानी करते हुए नाली को सड़क से ऊंचा बना दिया। शानू अली व विपिन ने बताया कि सड़क नीची और नाली ऊंची होने से पानी नाली में नहीं जा पाता है। मंगलवार को बारिश होने से जलनिकासी के अभाव में सड़क तालाब बन गई।
ग्रामीणों का निकलना दूभर हो गया है। जलनिकासी की समस्या को लेकर ग्रामीण अब जिलाधिकारी से मिलने का मन बना रहे हैं। मुद्रासन के प्रधान प्रतिनिधि अब्बास अली ने बताया कि निर्माण के समय अगर हमारी मांग पर ध्यान दिया गया होता तो आज हम लोगों को परेशानी नहीं उठानी पड़ती। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता अभिषेक वर्मा ने बताया कि नाली का निर्माण मानक के अनुरूप कराया गया है। पानी निकासी की व्यवस्था देखने का जिम्मा ग्राम पंचायत का है।