मिश्रिख। कस्बे में जलनिकासी के लिए किया जा रहा नाला निर्माण अधर में है। स्थानीय बाशिंदों के मुताबिक दो साल के बाद भी नाला निर्माण पूरा नहीं हो सका है। जिम्मेदारों की लापरवाही से परेशानी हो रही हैं।
सीतापुर-हरदोई मुख्य मार्ग से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने वाले मार्ग पर गेट के पास दोनों ओर नाला निर्माण शुरू हुआ था। बीच में करीब 15 फिट नाला छोड़ दिया गया, इस वजह से सीएचसी जाने वाले मरीजों को काफी समस्या हो रही है। थोड़ी सी बारिश में यहां जलभराव हो जाता है।
वहीं तहसील चौराहे से नहर चौराहे तक मार्ग के किनारे नाला निर्माण पूरा दिखा दिया गया है, लेकिन बीच में कई जगह नाला नहीं बनाया गया है। इससे जलभराव होता है। संक्रामक रोगों का खतरा बना हुआ है। कस्बे के शोभित, अजीत, राजू, अनूप, प्रांजुल, अनुराग, शिबू आदि ने इसकी जांच कराकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
ईओ विंध्याचल ने बताया तहसील से नहर चौराहे तक नाला निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया गया है। इस संबंध में विभाग से बात की जाएगी।