बिसवां (सीतापुर)। नगरपालिका बिसवां की पहली बोर्ड बैठक में नालों की सफाई का मुद्दा जोरशोर से गूंजा। बैठक में मौजूद सभासदों ने चेताया कि इस बार कागजों पर ही नाला सफाई बर्दाश्त नहीं होगी। नालों की सफाई का कार्य जमीनी धरातल पर दिखना चाहिए। सभासदों ने नगर पालिका के अफसरों व कर्मियों के स्तर पर बरती जाने वाली उपेक्षा का मसला भी उठाया। मौजूद अध्यक्ष ने इसे गंभीर मामला बताते हुए भरोसा दिलाया कि सभी सभासदों को पूरा सम्मान मिलेगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष पुष्पू जायसवाल व ईओ विजय पाल सिंह की मौजूदगी में बोर्ड की पहली बैठक मंगलवार को हुई। सभासद अशोक पुष्प ने बरसात से पहले नालों की सफाई का कार्य पूरा कराए जाने का मामला उठाया। कहा कि नालों का निर्माण व सफाई की व्यवस्था अभी तक कागजों पर कर बजट का बंदरबांट होता था। इस बार ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। निर्माण कार्यों के साथ ही नाला सफाई में पारदर्शिता व गुणवत्ता का होना जरूरी है।
सभासद अशफाक अहमद पहाड़ी ने पालिका में कर्मचारियों के स्तर पर सभासदों का सम्मान न करने व उनके निर्देशों का अनुपालन न करने के मामले को उठाया गया। इस पर अध्यक्ष ने कहा कि अब पालिका के सभी नव निर्वाचित सभासदों को का सम्मान पालिका के कर्मचारियों एवं अधिकारियों द्वारा किया जाएगा। बैठक में सभी 25 वार्डों के सभासद व नगर पालिका से जुड़े अन्य अफसर मौजूद रहे।