नैमिषारण्य(सीतापुर)। श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से डॉरमेट्री का निर्माण कराया जा रहा है। इस पर आठ करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके निर्माण से नैमिषारण्य आने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। डॉरमेट्री का निर्माण चक्रतीर्थ के निकट स्थित वेद व्यास संस्कृत महाविद्यालय के पीछे किया जा रहा है।
नैमिषारण्य तीर्थ में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन करने आते हैं, वहीं हर माह पड़ने वाली अमावस्या को लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी कल्याण सिंह यादव ने बताया कि पर्यटन विभाग की ओर से करीब आठ करोड़ रुपये से डॉरमेट्री का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें करीब पांच सौ श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी।
इस डॉरमेट्री में तीन हाल, भोजन करने का स्थान, रसोई , रिसेप्शन, ऑफिस, प्रतीक्षालय, शौचालय और स्नानागार, स्टोर रूम, पेयजल की व्यवस्था होगी। परिसर करीब 37.50 मीटर चौड़ा व 61.50 मीटर लंबा होगा।