सीतापुर। मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले में 28 और 29 नवंबर को तीसरे और चौथे विशेष कैंप का आयोजन किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आयोजित इन कैंपों में सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। कैंप में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटवाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 तथा नाम संशोधन, पता परिवर्तन और मतदाता पहचान पत्र में बदलाव के लिए फॉर्म-8 उपलब्ध रहेंगे। पात्र नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ को आवेदन दे सकेंगे।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष चौधरी ने बताया कि सभी मतदान केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। यहां मतदाताओं को फॉर्म भरने और पंजीकरण प्रक्रिया में सहायता मिलेगी। प्राप्त आवेदनों का बीएलओ द्वारा रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। कैंपों की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारी करेंगे।