लहरपुर (सीतापुर)। कस्बे के अंबरसरांय निवासी चिकित्सक कौशल किशोर साइबर ठगी का शिकार हो गए। उन्होंने तत्काल साइबर सेल को सूचित किया। पुलिस ने रुपयों को खाते में होल्ड कर दिया है।
पीड़ित के अनुसार उन्होंने 14 हजार रुपये का एक मोबाइल खरीदा था। बृहस्पतिवार को घर पर एक युवक फोन की डिलीवरी करने आया था। उन्होंने युवक को फोन पे के माध्यम से भुगतान कर दिया। इसके बाद एक नंबर से कौशल किशोर के पास ठग का फोन आया।
उसने बताया कि वह पीड़ित को जानता है। ठग अपने किसी मित्र को रुपये भेजना चाहता है, लेकिन वह भेज नहीं पा रहा है। इसलिए उसने चिकित्सक के खाते में 14 हजार रुपये डाल दिए हैं। ठग ने झांसे में लेकर दूसरे खाते में रुपये डालने का आग्रह किया। चिकित्सक ने दूसरे खाते में रुपये तो डाल दिए, लेकिन उनके खाते में रुपये नहीं आए थे। पीड़ित ने इसकी जानकारी पुलिस को दी है। इंस्पेक्टर अरविंद सिंह ने बताया कि खाते को होल्ड करा दिया गया है।