सीतापुर। चित्रकूट जेल में गैंगवार के बाद से जिले का पुलिस-प्रशासन भी सतर्क है। मंगलवार को डीएम-एसपी ने जेल में अचानक छापा मार दिया, इससे हड़कंप मच गया। अफसरों ने पुलिस की आठ टीमें बनाकर जेल की बैरकों और बंदियों की तलाशी कराई। हालांकि, कहीं भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अफसरों के जाने के बाद जेल प्रशासन ने राहत की सांस ली है। मंगलवार को दोपहर के बाद डीएम विशाल भारद्वाज, एसपी आरपी सिंह ने लाव लश्कर के साथ जिला जेल पहुंचे।
अफसरों की गाड़ियां जेल गेट पर पहुंचते ही जेल के अधिकारी, कर्मचारी हरकत में आ गए। पुलिस बल को लेकर अंदर दाखिल हुए डीएम-एसपी ने जेल की सभी बैरकों और बंदियों की तलाशी लेने के लिए पुलिस की आठ टीमों का गठन किया। गठित टीमों ने एक-एक बैरक और बंदियों की गहनता से तलाशी ली। तलाशी में बैरकों से लेकर बंदियों के पास कुछ भी संदिग्ध वस्तु या सामग्री नहीं मिली है, इससे जेल प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।
करीब दो घंटे तक चली जांच पड़ताल के बाद डीएम-एसपी ने जेल के अफसरों से सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर बातचीत कर तमाम पहलुओं पर नजर रखने के आदेश दिए। निर्देश दिया कि बंदियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाए। बंदी रक्षकों से लेकर जेल के हर एक अधिकारी, कर्मचारी चौकन्ना रहे और हर गतिविधि पर नजर रखी जाए।
जेल में सांसद आजम खां, उनके बेटे अब्दुल्ला भी बंद हैं, लेकिन इन दिनों दोनों लोग लखनऊ में हैं। आजम के कोरोना संक्रमित होने के बाद उन्हें लखनऊ में रखा गया है। उनका बेटा भी साथ में हैं। जेलर आरएस यादव ने बताया कि यह रूटीन जांच पड़ताल थी।