सीतापुर। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों संग मंगलवार को इलेक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीन भंडारण कक्ष व वीवीपैट वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुज सिंह ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन भंडारण कक्ष में लगी सील खुलवाई।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि इस भंडारण कक्ष में सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें रखी हुईं हैं। बचाव के लिए कीटनाशक का छिड़काव किया जाता है। 24 घंटे सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात रहता है। जिलाधिकारी ने वीवीपैट मशीन भंडारण गृह में कक्ष संख्या-1, 3, 4 व 5 के कमरों की सील खुलवाई। उन्होंने कहा कि यहां मौजूद फायर मशीन को निरंतर चेक कराते रहें।
निरीक्षण के बाद इलेक्ट्राॅनिक वोटिंग मशीन भंडारण कक्ष व वीवीपैट वेयर हाउस को दोबारा सील कर दिया गया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नीतीश कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी सदर ज्ञानेंद्र द्विवेदी आदि मौजूद रहे।