सीतापुर। 22 टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को विश्व क्षय रोग दिवस पर डीएम ने कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को हुए समारोह में सम्मानित किया। 20 मरीजों को पोषण पोटली वितरित की। रोगियों के उपचार के लिए की गई कार्रवाई की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम अभिषेक आनंद ने दीप प्रज्वलित कर किया। सीएमओ डाॅ. सुरेश कुमार ने टीबी के बारे में जानकारी दी। बताया कि केंद्र सरकार ने 2025 तक इस बीमारी को समाप्त करने का लक्ष्य रखा है। टीबी को समाप्त किए जाने के प्रयासों के तहत जिले में सात दिसम्बर 2024 से 24 मार्च 2025 तक 100 दिवसीय विशेष टीबी अभियान चलाया गया। अभियान में कुल जनसंख्या 53,04,008 की तुलना में 7,96,193 की मैपिंग की गई। 8,85,700 की स्क्रीनिंग कर ली गई है। अभियान के तहत 57 निःक्षय मित्र बनाए गए हैं। इनके द्वारा 1628 टीबी मरीजों को पोषण पोटली प्रदान की गई।
इन ग्राम पंचायतों को किया गया सम्मानित
जिला क्षय रोग अधिकारी डाॅ.मनोज कुमार देशमणि ने बताया कि वर्ष-2024 में ब्लाक स्तर से 26 टीबी मुक्त पंचायत के आवेदन प्राप्त हुए थे। इनके सत्यापन में शासन द्वारा निर्धारित किए गए मानकों के अनुसार भोगीपुर (ऐलिया), कमुआ व कालूपुर (बिसवां), पीतपुर, कोरैया गंगादास, बिशुन बवाली (हरगांव), हीरपुर, नेवादा (कसमंडा), रायपुर (खैराबाद), रावल अदेशर, कल्यानपुर (लहरपुर), मोहम्मदपुर निफ्सी (महमूदाबाद), भुड़कुड़ा व बहेरा (महोली), चांदपुर सेठ व सरैंया बलदेव सिंह (पहला), रन्नी (रामपुर मथुरा), सिकरी बेहटा (तम्बौर), बम्भनापुर, महमूदपुर, रवांसी व उमरिया खानपुर ब्लाॅक परसेण्डी टीबी मुक्त ग्राम पंचायतें पाई गईं। इसमें से पीतपुर (हरगांव) व उमरिया खानपुर (परसेंडी) वर्ष 2023 में भी टीबी मुक्त घोषित की जा चुकी है। टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। तीन निजी संस्था रेडक्रास सोसाइटी, हाजी फिरदौस अख्तर मेमोरियल पब्लिक वेलफेयर सोसाइटी और जिला ईंट उद्योग समिति के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। टीबी मुक्त भारत अभियान के अन्तर्गत कार्यक्रम में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के जिले स्तर के कर्मचारी आशीष कुमार दीक्षित जिला कार्यक्रम समन्वयक, बिपिन तिवारी डाटा इन्ट्री आपेरटर और पांच ब्लाक स्तरीय कर्मचारियों व तीन बीपीएम आदित्य भारती, हरिकेश वर्मा व कोहिनूर सिंह को जिलाधिकारी ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।