सीतापुर। जिलाधिकारी डा. राजागणपति आर ने बुधवार को बिसवां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय भगवानपुर में आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचकर वीएनएसएनडी सत्र का औचक निरीक्षण कर संचालित व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने वैक्सीनेशन किट खराब पाए जाने पर नाराजगी जताते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एएनएम को नोटिस जारी कर कार्रवाई के घेरे में लाने के लिए निर्देशित किया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एएनएम से आबादी की जानकारी लेते हुए रजिस्टरों को देखा। इस दौरान मौजूद एएनएम द्वारा ब्लड प्रेशर मशीन का सही से उपयोग न कर पाने पर नाराजगी जताते हुए काम काज में सुधार लाने की सख्त चेतावनी दी। टीकाकरण की धीमी रफ्तार में तेजी लाने के लिए महिलाओं में जागरूकता फैलाने की जरूरत जताई। निर्देशित किया कि यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी महिला टीकाकरण से छूटने न पाए। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बातचीत कर उनके उपकरणों व सैम मैम रजिस्टर को भी देखा। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी अनूप श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।