सीतापुर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर कई मार्गाें पर बुधवार से भारी वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया है। वाहन चालकाें को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए हाईवे पर कई जगह पुलिस कैंप बनाए गए हैं। यहां तैनात पुलिस कर्मी वाहन चालकों को परिवर्तित मार्ग की जानकारी देंगे। बुधवार को एसपी चक्रेश मिश्र ने परिवर्तित रूट का जायजा लेकर मातहतों को कई निर्देश दिए।
इंस्पेक्टर उमाकांत शुक्ला ने बताया कि महोली से होकर अयोध्या या बहराइच जाने वाले वाहनों को हरगांव से लखीमपुर होते हुए गोंडा निकाला जाएगा। गोंडा से ये वाहन बहराइच या फिर अयोध्या जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि कस्बे के बाईपास हरगांव मार्ग पर पुलिस कैंप बनाया गया है। जहां पर छह पुलिस कर्मियों की आठ-आठ घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस को लगाया गया है।
उधर, सिधौली कस्बे में बिसवां चौराहे से होकर अयोध्या मार्ग की तरफ जाने वाले वाहनों काे भी डायवर्ट किया गया। यातायात कर्मियों ने बिसवां चौराहे पर अयोध्या की ओर जाने वाले वाहनों को बिसवां मार्ग से मोड़ दिया। ये वाहन चहलारी घाट होते हुए बहराइच के रास्ते अयोध्या जाएंगे।
शाहजहांपुर की ओर से आ रहे भारी वाहनों को महोली से हरगांव होते हुए लखीमपुर की ओर भेजा जाएगा। ये वाहन गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच व गोरखपुर की ओर जाएंगे। लखनऊ जाने वाले भारी वाहनों के कागजात देखकर ही उनको सीतापुर से लखनऊ मार्ग पर भेजा जाएगा। इसके अलावा सिधौली कोतवाली क्षेत्र में भी चेकिंग की जाएगी। यहां से वाहनों को बिसवां मार्ग पर भेज दिया जाएगा। रेउसा-चहलारी घाट होकर बहराइच से गोरखपुर की ओर जाएंगे।