सीतापुर। जिलाधिकारी ने बृहस्पतिवार को सिधौली के महेशपुर स्थित महेशनाथ मंदिर में कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। यहां पर्यटन विभाग की ओर से मंदिर में सौंदर्यीकरण व श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं।
डीएम डॉ. राजागणपति आर ने मंदिर परिसर में बनाई गई इंटरलाॅकिंग सड़क के किनारे खोदवाकर ईंट उखड़वाते हुए मिट्टी के माप को देखा और गुणवत्ता परखी। यहां पर्यटन विभाग की ओर से निर्मित कराए जा रहे शौचालय कार्य का भी अवलोकन किया। इसके बाद डीएम ने स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन विभाग द्वारा निर्मित कराए जा रहे उप निबंधक कार्यालय सिधौली के भवन का स्थलीय निरीक्षण किया।
भवन में लगाई जा रही मौरंग, सीमेंट आदि सामग्रियों के बारे में जानकारी ली। निर्माणाधीन भवन के पीछे जलभराव की स्थिति को देखते हुए निर्देश दिए कि बेहतर सामग्री का उपयोग किया जाए, ताकि जलभराव के कारण सीलन जैसी स्थिति भवन में न उत्पन्न हो।
उन्होंने संबंधित को निर्देश दिए कि कार्यों की टीपीआई से जांच कराते हुए एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। डीएम ने कार्यों को पूरी गुणवत्ता एवं मानक के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाने के निर्देश दिए। (संवाद)