जिला अस्पताल का जल्द ही कायाकल्प होगा। अंग्रेजों के जमाने के निर्मित भवन में चल रहे जिला अस्पताल को जल्द नया भवन मिलेगा। इसको लेकर शासन से निर्देश भी आ गए हैं।
1937 में बने भवन में जिला अस्पताल का संचालन हो रहा है। इस अस्पताल की क्षमता 213 बेड की है।
भवन जर्जर होने के कारण एक्सरे रूम व ऑपरेशन थियेटर को यहां से दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया गया है। वहीं, टीबी वार्ड को भी खाली करके कंडम घोषित कर दिया गया है। शेष इमारत में इमरजेंसी वार्ड, महिला वार्ड, मेडिकल ए वार्ड व दवा स्टोर रूम हैं।
शासन ने इस पुरानी इमारत को तोड़कर नई इमारत बनाने का निर्देश दिया है। हालांकि विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने के कारण अब तक जिला अस्पताल के भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। अब स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार नई सरकार व उसके निर्णय का इंतजार कर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जो पत्र उन्हें प्राप्त हुआ है, उसमें नए भवन के निर्माण को लेकर सूचना है। ये भवन कौन सी कार्यदायी संस्था बनवाएगी और कितने बजट में निर्माण कार्य होगा? ये अभी नहीं पता चल सका है।