फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धान तौल में गड़बड़ी, सचिव पर दर्ज होगा केस

विज्ञापन
बिसवां में रुकनापुर मंडी में धान क्रय केन्द्रों का निरीक्षण करती नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस। - फोटो : SITAPUR
विज्ञापन
बिसवां (सीतापुर)। जिले की नोडल अधिकारी मिनिस्ती एस ने बिसवां के रूकनापुर स्थित मंडी परिषद में मंडी समिति एवं मार्केटिंग विभाग के धान क्रय केंद्र का मुआयना किया। इस दौरान तमाम खामियां मिलीं। धान रिजेक्शन पंजिका में गड़बड़ी पाई गई। समय से भुगतान भी नहीं किया गया। किसानों ने बताया कि एक माह तक तौल नहीं की गई। रुपये की मांग करने का भी आरोप लगाया। इससे नाराज नोडल अफसर ने संबंधित सचिवों को कड़ी फटकार लगाई। एसडीएम को निर्देश दिए कि किसानों के बयान लेकर जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज कराएं।
विज्ञापन

नोडल अफसर ने जांच के दौरान क्रय केंद्र पर धान खरीद, धान की नमी व उसकी गाइडलाइन, मंडी से मिलों को भेजे जाने वाले धान, किसानों के भुगतान, रिजेक्शन रजिस्टर, धान का डैमेज आदि का जायजा लिया। भुगतान लंबित होने की जानकारी सचिव नहीं दे सके। नोडल अधिकारी ने उप जिलाधिकारी से रजिस्टर में दर्ज किसान योगेश सिंह से फोन पर बात करने को कहा। इस पर किसान ने बताया कि 36 दिन तक धान नहीं तौला गया। कई बार दौड़ाने तथा हस्ताक्षर भी न कराए जाने की शिकायत की।
किसान रामदुलारे का धान 25वें दिन तौले जाने की शिकायत पर मंडी सचिव अवधेश कुमार सिंह को फटकार लगाई। उप जिलाधिकारी को रिजेक्शन रजिस्टर में दर्ज किसानों से बात कर जांच करने के निर्देश दिए। ग्राम बिचपरी निवासी किसान राघव वर्मा ने आरोप लगाया कि मार्केटिंग विभाग के क्रय केंद्र प्रभारी शिवराम उसे कई दिनों से दौड़ा रहे हैं। अभी तक उनका धान नहीं खरीदा गया है।
विज्ञापन

किसान किशोरी लाल ने धान क्रय के नाम पर केंद्र प्रभारी पर रुपये मांगने का आरोप लगाया, जिस पर नाराज नोडल अधिकारी ने सचिव को जमकर फटकारा। इस मामले में उप जिलाधिकारी को जांच कर दोषी पाए जाने पर प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए। इस दौरान नोडल अधिकारी ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। जिला विकास अधिकारी राकेश पांडे, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अरविंद दुबे, उप जिलाधिकारी सुरेश कुमार, तहसीलदार राजकुमार गुप्ता सहित अन्य अफसर मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें