सीडीओ शिवेन्द्र कुमार सिंह ने मंगलवार को बैठक में पंचायत चुनाव कार्यों की समीक्षा की। बाद में उन्होंने अफसरों को चुनावी कार्य पारदर्शिता से निपटाने की नसीहत दी।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में सीडीओ ने चुनाव सकुशल संपन्न कराने को लेकर प्रभारी व सहायक प्रभारी अधिकारियों को निर्देश दिए।
उन्होंने कहा आयोग की मंशा के अनुरूप प्रशासन निष्पक्ष, स्वतंत्र, पारदर्शी चुनाव कराने को लेकर कटिबद्ध है। इसलिए इस कार्य में लापरवाही न बरत कर दी गई जिम्मदारियों का निर्वहन करें।
सीडीओ ने कहा वर्तमान समय में मतदाता पुनरीक्षण कार्य चल रहा है पांच सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। अधिकारी अभी से ही मतदाता सूचियों की कार्य प्रतियों की तैयारी कर लें। शीघ्र ही चुनाव को लेकर कार्मिकों की नियुक्त का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने सभी से चुनाव कार्य को लेकर विभिन्न प्रबंधकीय व्यवस्था के कार्यों का निष्पादन समय से करने को कहा। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार सहित चुनाव से जुडे़ अफसर मौजूद थे।