सीतापुर। परिषदीय विद्यालयों में यू-डायस और प्रेरणा पोर्टल पर दर्ज छात्र नामांकन के आंकड़ों में बड़ा अंतर सामने आया है। जिले के 558 विद्यालयों में दोनों पोर्टलों के नामांकन में कुल 9,086 विद्यार्थियों का अंतर मिला है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी संबंधित प्रधानाध्यापकों को दो दिन के भीतर डाटा दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में सुधार नहीं होने पर संबंधित प्रधानाध्यापकों और जिम्मेदार कर्मचारियों का वेतन रोकने के साथ प्रतिकूल प्रविष्टि देने की चेतावनी दी गई है।
राज्य परियोजना निदेशालय की ओर से चालू शैक्षिक सत्र में यू-डायस पोर्टल की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है। इसके बावजूद जिले में ड्रॉप बॉक्स के माध्यम से लंबित कार्यों को अपेक्षित गति से पूरा नहीं किया जा रहा है। बीएसए के अनुसार, इस संबंध में पूर्व में भी कई बार पत्र जारी कर प्रधानाध्यापकों, प्रभारी प्रधानाध्यापकों और विद्यालय के समस्त स्टाफ को नामांकन का अंतर समाप्त करने तथा यू-डायस डाटा पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे।
विद्यालयों को ड्रॉप बॉक्स में प्रदर्शित विद्यार्थियों को ग्लोबल सर्च के माध्यम से खोजकर पोर्टल पर इम्पोर्ट करने के लिए कहा गया था। तकनीकी समस्या आने पर संबंधित ब्लॉक संसाधन केंद्र पर यू-डायस का कार्य देख रहे प्रभारी से संपर्क कर समस्या का समाधान कराने के निर्देश भी दिए गए थे। इसके बाद भी कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। अब बीएसए ने अंतिम चेतावनी जारी करते हुए सभी संबंधित विद्यालयों को 25 नवंबर तक नामांकन का अंतर समाप्त कर डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। तय समय सीमा में काम पूरा न होने पर जिम्मेदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बीएसए डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी प्रधानाध्यापक दो दिन के भीतर दोनों पोर्टलों के डाटा में प्रदर्शित अंतर को दुरुस्त करने का निर्देश दिया हहै। चेताया है कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।