प्रदेश की महत्वाकांक्षी डायल 100 सेवा का सोमवार को जिले में औपचारिक शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री, राज्यमंत्री, एमएलसी व विधायक ने हरी झंडी दिखाकर पुलिस लाइन से डायल 100 वाहनों को रवाना किया। यहां से रवाना होकर सभी गाड़ियों ने पूरे शहर में साइरन बजा कर गश्त किया।
रिजर्व पुलिस लाइन से प्रदेश की महत्वाकांक्षी डायल 100 सेवा की शुरूआत की गई। यहां प्रांगण में चमचमाती 11 इनोवा व 22 बोलेरो सजी हुई खंडी थीं। उनमें मय चालक के पुलिस टीमें भी मुस्तैद थीं। दोपहर को कैबिनेट मंत्री नरेंद्र वर्मा, राज्यमंत्री रामपाल राजवंशी, एमएलसी आनंद भदौरिया, महोली विधायक अनूप गुप्ता, सिधौली विधायक मनीष रावत, सपा जिलाध्यक्ष शमीम कौसर सिद्दीकी की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर डायल 100 की गाड़ियों को रवाना किया गया।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री नरेंद्र वर्मा ने कहा कि इस योजना से प्रदेशवासियों को बड़ा लाभ मिलेगा। राज्यमंत्री ने कहा कि डायल 100 से पीड़ितों को तत्काल मौके पर मदद मिलेगी। एमएलसी आनंद भदौरिया ने कहा कि प्रदेश सरकार की जिस तरह एंबुलेंस योजना लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित हुई है।
उसी तरह डायल 100 सेवा से भी पीड़ितों को चंद मिनट में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में बिसवां विधायक रामपाल यादव, नगर विधायक राधेश्याम जायसवाल व पूर्व विधायक अनिल वर्मा भी पहुंचे थे। कार्यक्रम में मौजूद डीएम ने आखिर में सभी का आभार व्यक्त किया।
एसपी सौमित्र यादव ने कहा कि सीतापुर जिले को 11 इनोवा, 41 बोलेरो मिली हैं। सेवा संचालन के लिए 133 मुख्य आरक्षी व 133 आरक्षियों को प्रशिक्षित किया गया है। डायल 100 पर कॉल कर चोरी, लूट, डकैती, रेप, छेडख़ानी आदि जैसे आपराधिक वारदातों की सूचना दी जा सकती है।
सूचना मिलने के महज 15 से 20 मिनट के बीच पीड़ित तक डायल 100 की मदद पहुंच जाएगी। 26 दिसंबर से इनको जिले में चिन्हित स्थानों व क्षेत्रों में तैनात कर दिया जाएगा। हरदोई जिले में वाहनों के न पहुंचने के कारण वहां इस सेवा की शुरूआत के लिए सीतापुर से गाड़ियां भेजी गईं।