क्षेत्र में लकड़ी माफिया हावी होते जा रहे हैं। शुक्रवार की रात एक बाग में कटान चल रहा था। इसी दौरान 100 डायल ने वहां पर छापेमारी की और एक ट्रॉली लकड़ी पकड़कर उसे खैराबाद थाना पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने उसे वन विभाग के हवाले कर दिया। कार्रवाई जब वन विभाग के पाले में गई, तब वनकर्मियों ने जुर्माना वसूलकर राहत दे दी।
थाना क्षेत्र के महादेव पुरवा के निवासी जगमोहन की बाग गांव के बाहर है। शुक्रवार की रात इस बाग में अवैध रूप से पेड़ों का कटान चल रहा था। इसी बीच कुछ लोगों ने 100 डायल को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 100 की पीआरबी फस्ट ने बाग में छापेमारी की। इस पर पेड़ काट रहे लोग वहां से निकल भागे।
टीम ने मौके पर एक ट्रॉली लकड़ी बरामद की। यह लकड़ी आम व चिलबल के पेड़ की थी। जिसको 100 डायल टीम ने खैराबाद थाना पुलिस को सौंपा। थानाध्यक्ष खैराबाद का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कार्रवाई के लिए सूचना वन विभाग को दी।
वन विभाग के रेंजर इम्तियाज अहमद का कहना है कि अवैध कटान को लेकर बाग स्वामी से तीन हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि समय रहते छापेमारी होने से बाग कटने से बच गई। वहीं जुर्माने की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।