सिविल सर्विसेज में बेटे के चयन के बाद खुशी मनाता चौधरी परिवार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिविल सर्विसेज की परीक्षा में लहरपुर मरसंडा के किसान के बेटे धीरेंद्र ने जिले का मान बढ़ाया है। उत्तराखंड में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर तैनात धीरेंद्र ने इस परीक्षा में 884 रैंक अर्जित की। पांचवें प्रयास में उसे यह सफलता मिली है। चयन पर गांव के साथ ही परिवारीजन भी मिठाई बांटकर खुशियों का इजहार कर रहे हैं।
धीरेंद्र मरसंडा गांव के किसान रामबाबू वर्मा के होनहार बेटे हैं। धीरेंद्र ने प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की। इसके बाद गांधी इंटर कॉलेज लखीमपुर में कक्षा-12 तक पढ़ाई की। लखनऊ विश्वविद्यालय से स्नातक व पीजी किया और सिविल सर्विसेज की तैयारी में जुट गए।
वह पांचवीं बार लोक सेवा आयोग की परीक्षा में बैठे थे। इससे पहले उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय आदिलबाद झारखंड में हुआ, लेकिन वहां पर उनका मन नहीं लगा। केवल दो दिन ही नौकरी की।
इसके बाद केंद्रीय विद्यालय तमिलनाडु, यूपीपीसीएस में 2014 व 15 में लगातार दो बार नायब तहसीलदार व प्राइमरी शिक्षक भर्ती में चयन हुआ। लेकिन धीरेंद्र ने जॉइन नहीं किया। पीसीएस उत्तराखंड में 2015 में उनका चयन हुआ था।