नैमिषारण्य में रविवार को अमावस्या पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। इस दिन चक्रतीर्थ समेत गोमती नदी के तट पर श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई। बाद में ललिता देवी मंदिर समेत अन्य मंदिर एवं मठों में जाकर पूजा-अर्चना की।
नैमिषारण्य में हर माह अमावस्या पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। रविवार को अमावस्या को लेकर शनिवार शाम से ही श्रद्धालुओं का नैमिषारण्य पहुंचने का दौर शुरू हो गया था। रविवार को अलसुबह से ही नैमिषारण्य चक्रतीर्थ समेत गोमती नदी में श्रद्धालुओं के स्नान करने का दौर शुरू हो गया था।
यह सिलसिला देर शाम तक चलता रहा। श्रद्धालुओं ने चक्रतीर्थ और गोमती नदी के घाटों पर जाकर स्नान किया। बाद में श्रद्धालुओं ने ललिता देवी मंदिर, देव-देवेश्वर मंदिर, हनुमान गढ़ी, व्यास गद्दी, आर्यावर्त, रुद्रावर्त, काली पीठ, देवपुरी आदि मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना कर सभी ने सुख, समृद्धि, वैभव और शांति की मंगलकामना की।