नैमिषारण्य। इलाके में बुधवार को चाट के ठेले पर पत्तल फेंकने को लेकर हुए विवाद में श्रद्धालु पर चाकू से हमला कर दिया गया। शाहजहांपुर के रामचंद्र मिशन थाना सरायकुइयां मोहल्ला निवासी सुशीला गुप्ता के अनुसार वह अपने पति खुशीराम के साथ सुबह करीब साढ़े दस बजे नैमिषारण्य दर्शन के लिए आई थीं।
ललिता देवी तिराहे के पास चाट के ठेले के निकट पहुंचने पर ठेले वाले के लड़के गोलू यादव ने पत्तल सड़क की ओर फेंकी, जो उनके पति के सिर पर लग गई। शिकायत करने पर गोलू यादव, कपिल यादव, गुड्डू यादव और एक अन्य व्यक्ति ने दंपती से गाली-गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने एकजुट होकर खुशीराम के सिर पर धारदार चाकू से वार कर दिया। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी वहां से भाग गए। घायल को सीएचसी नैमिषारण्य से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष नवनीत मिश्रा ने बताया कि आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।