कमलापुर (सीतापुर) कसमंडा ब्लाॅक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इसमें क्षेत्र पंचायत में 3.75 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में प्रधानों ने मनरेगा से हुए कार्य को लेकर नाराजगी जताई। इस वजह से हंगामे की स्थिति बनी रही।
शनिवार को ब्लाॅक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। अध्यक्षता ब्लाॅक प्रमुख मुन्नी देवी ने की। इसमें 3.75 करोड़ रुपये का प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किया गया। बीडीओ राकेश कुमार श्रीवास्तव ने समस्त विभागों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। बैठक में सिधौली विधायक मनीष रावत ने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना का लाभ लेने से छूटना नहीं चाहिए। सबकी जिम्मेदारी बनती है कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचना चाहिए।
बिसवां विधायक निर्मल वर्मा ने कहा कि सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रस्तावों को सूचीबद्ध कर जहां अभी तक कोई कार्य नहीं हुआ है, वहां के प्रस्ताव को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जए। बैठक में मनरेगा तथा अन्य विकास संबंधी कार्यों पर चर्चा के दौरान प्रधानों ने नाराजगी जताना शुरू कर दिया।
मनरेगा से हुए कार्यों का चार माह से भुगतान न होने की बात प्रधानों ने कही। साथ ही आवास सर्वे का मुद्दा छाया रहा। सदन में 102 क्षेत्र पंचायत सदस्यों में से 70 क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। समापन पर ब्लाक प्रमुख मुन्नी देवी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप गांव में विका कार्य कराए जा रहे हैं।