सदरपुर (सीतापुर)। समाज कल्याण विभाग के लखनऊ मंडल के उप निदेशक अचिंत मणि भारती ने शनिवार को क्षेत्र के आश्रम पद्धति विद्यालय का निरीक्षण किया। महमूदाबाद तहसील के हाजीपुर गांव में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अभिलेखों का परीक्षण किया। अभिलेखों के रख रखाव पर संतोष जताया।
विद्यालय से संबंधित आगामी योजनाओं को साझा किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में इस विद्यालय में 490 बच्चों के सापेक्ष कुल 282 छात्र ही अध्ययनरत हैं। यहां बीस अध्यापकों के सापेक्ष वर्तमान में मात्र पांच अध्यापक ही कार्यरत हैं। इसे बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। शासन की मंशा है कि ग्रामीण अंचल के गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले। इसी उद्देश्य से ऐसे संस्थान संचालित किये जा रहे हैं। उन्होंने विद्यालय के प्रधानाचार्य कमल पाल को आसपास के गांवों के बच्चों को विद्यालय में पंजीकृत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों तक पहुंचकर जनसंपर्क करें और छात्र संख्या बढ़ाने पर ध्यान दें।
आगामी सत्र में होगी प्रवेश परीक्षा
उपनिदेशक अचिंत मणि ने बताया कि आगामी सत्र में प्रवेश प्रक्रिया कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि निदेशालय से निर्धारित समय सीमा में इच्छुक अभ्यर्थियों का विद्यालय स्तर पर ही एक प्रवेश परीक्षा आयोजित करने के उपरांत सफल छात्रों को विद्यालय में प्रवेश देने की योजना है। यहां पढ़ने वाले सभी विद्यार्थियों को नि:शुल्क भोजन, शिक्षण, आवास आदि सुलभ करवाने की योजना है।