फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

घने कोहरे ने रोक दी रफ्तार, ठिठकी जिंदगी

विज्ञापन
सीतापुर में मंगलवार रात नौ बजे से ही गिरने लगा था कोहरा। - फोटो : SITAPUR
विज्ञापन
सीतापुर। दिसंबर के दूसरे सप्ताह में लगातार दूसरे दिन बुधवार को जारी कोहरे ने जिंदगी की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। रात में छाया कोहरा दोपहर तक नहीं छंटा। कोहरे व सर्दी के सितम ने जिंदगी को ठिठकने पर मजबूर कर दिया। कोहरे के चलते हाईवे पर गाड़ियों की लाइट न दिखने से यातायात प्रभावित होने के साथ हादसे बढ़ गए। मंगलवार रात गश्त के लिए निकली पुलिस की जीप घने कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर रामकोट इलाके में पलट गई।
विज्ञापन

हादसे में इंस्पेक्टर व सिपाही घायल हुए। जीप क्षतिग्रस्त हो गई। दोपहर बाद सूर्यदेव ने दर्शन दिए लेकिन धूप ठंड से राहत दिलाने में नाकाम रही। न्यूनतम पारा 11 डिग्री पर टिका रहा। कोहरे का कहर थमने के फिलहाल कोई आसार नहीं हैं। मंगलवार रात से कोहरा छाना शुरू हो गया। यह बुधवार को दोपहर तक कायम रहा। दोपहर 12 बजे के बाद सूर्य ऐसे निकला मानो खिड़की से झांक रहा हो। कोहरे के चलते जिंदगी की गाड़ी पटरी से उतर गई। देर तक कोहरा छाए रहने से लोगों को काफी परेशानी का समाना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी हाईवे पर चलने वाले राहगीरों को उठानी पड़ी।
घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई। इससे चालकों को वाहन चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हाईवे पर कोहरे के चलते सुबह के 11 बजे तक सरकारी बसें और निजी वाहन हेडलाइट जलाने के बाद भी रेंगते दिखाई दिए। घने कोहरे के चलते काफी सतर्कता के साथ हेडलाइट जलाकर गाड़ियां चलाने को चालक मजबूर थे। रोजाना सफर करने वाले कामकाजी लोगों को दफ्तर और अपने संस्थानों में देर से पहुंचने को विवश होना पड़ा।
विज्ञापन

दोपहर में कोहरे की धुंध छंटनी शुरू हुई। कुछ देर बाद बादल की ओट से सूर्य ने दर्शन दिया। इससे थोड़ी ही सही मगर लोगों ने ठिठुरन से राहत महसूस की। मगर सात बजते-बजते एक बार फिर धुंध छा गई। इससे शाम को शहर के सड़कों पर कोहरे के चलते लोग अपना कामकाज निपटा कर जल्द ही अपने घरों को पहुंचने का जतन करने लगे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। कोहरे के प्रकोप से राहत मिलने की संभावना नहीं है।
उधर, पुलिस लाइंस से चेकिंग के पुलिस की एक जीप रात को गश्त पर निकली थी। इस टीम में इंस्पेक्टर जांच प्रकोष्ठ मोहन लाल, चालक व आरक्षी शामिल थे। गश्त कर रही यह टीम जब रामकोट इलाके में भगवानपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंची, तभी घने कोहरे के कारण चालक ने जीप से नियंत्रण खो दिया और पुलिस जीप सड़क किनारे खड्ड में पलट गई। हालांकि वाहन पलटने के बावजूद उसमें सवार पुलिस कर्मी मामूली चोटिल होकर सुरक्षित बच निकले। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस उनको राहत पहुंचा कर वापस लाई। रामकोट थानाध्यक्ष संजीत सोनकर ने बताया कि कोहरे के कारण गश्त कर रहा पुलिस वाहन पलट गया था। उसमें इंस्पेक्टर मोहनलाल सहित तीन लोग सवार थे। सभी लोग सुरक्षित हैं।
अलाव जलवाने की मांग
नगर पालिका और जिला प्रशासन से ठंड और कोहरे को देखते हुए लोगों ने रोडवेज बस स्टॉप, रेलवे स्टेशन, जिला व महिला अस्पताल समेत सार्वजनिक स्थानों पर अविलंब अलाव जलवाने की मांग की है। साथ ही ठंड में संसाधनों की कमी से बेहाल लोगों के लिए कंबल वितरण कराने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें