खैराबाद (सीतापुर)। खैराबाद कस्बे में डेंगू धीरे-धीरे अपने पाव पसार रहा है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग डेंगू के प्रति बिल्कुल गंभीर नहीं है। प्राइवेट लैब से बराबर डेंगू होने की बात सामने आ रही है। लेकिन स्वास्थ्य विभाग इस जांच को नहीं मानता है, न ही अपना एलाइजर टेस्ट करा रहा है।
खैराबाद कस्बे में डेंगू के एक सप्ताह में रोजाना नए मामले आ रहे हैं। जब मरीज बुखार से परेशान होकर प्राइवेट लैब में जांच कराते हैं तो उनकी प्लेटलेट्स लगातार घट रही है। अब तक सीएचसी के एक चिकित्सक समेत सात लोगों में लक्षण मिले हैं। सोमवार को कस्बातीटोला के दो लोगों ने बुखार आने पर लैब से जांच कराई। जिसमें इनकी प्लेटलेट्स 73 हजार व सनोबर की प्लेटलेट्स 77 हजार मिली है।
चिकित्सकों ने डेंगू होने की बात कही है। लेकिन सरकारी महकमा डेंगू मानने को तैयार नहीं है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. रमाशंकर यादव का कहना है सीएमओ को इसकी जानकारी दी जा चुकी है। एलाइजर टेस्ट के सीएमओ स्तर से निर्देश आने पर ही जांच की जाएगी। तब तक मोहल्ले में टीम भेजकर दवाइयां दे दी गई हैं।