लहरपुर। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के युवा मंडल अध्यक्ष अजीत कुमार वर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को नगर के विभिन्न मार्गों पर प्रदर्शन कर प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को दिया। इसमें भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को तत्काल रद्द करने की मांग की।
संगठन के कार्यकर्ता लहरपुर गेट से नारेबाजी करते हुए मजाशाह चौराहे पर पहुंचे, जहां काफी देर तक किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर धरना-प्रदर्शन करने लगे। तहसीलदार मनीष त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर ज्ञापन लिया। ज्ञापन में भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को तत्काल रद्द करने की मांग की गई। ज्ञापन में आरोप लगाया कि उक्त समझौते से देश के किसानों, मजदूरों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों, लघु उद्योगों व देश की खाद्य और आर्थिक संप्रभुता को गंभीर खतरा है। यह समझौता भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और करोड़ों लोगों की आजीविका पर प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। ज्ञापन देने वालों में छैल बिहारी मिश्र, मनीषा, मुकेश गुप्ता, लकी वर्मा, रवि वर्मा, संगीता, दीपा, शाबान, रिजवान, मुकेश, शिवकरण, राजा बाबू, बुनियाद हुसैन, आकाश आदि उपस्थित रहे। (संवाद)
फ्री ट्रेड समझौते के विरोध में पीएम को भेजा ज्ञापन
सीतापुर। भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार (फ्री ट्रेड) समझौते के विरोध में देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर बुधवार को किसान नेताओं ने कलेक्ट्रेट में नारेबाजी की। इसके बाद प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के संयोजक पिंदर सिंह सिद्धू ने कहा कि यह समझौता देश के किसानों, पशुपालकों, छोटे व्यापारियों व कुटीर उद्योगों के लिए घातक साबित होगा। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित होगी। वहीं, सिख संगठन के जिला अध्यक्ष गुरपाल सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस समझौते को तत्काल निरस्त नहीं किया, तो देशभर में चरणबद्ध तरीके से जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में रामाधार, सुरेश, धर्मेंद्र सिंह, अजमेर सिंह, सोनिया, फूलमती सहित बड़ी संख्या में किसान व सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। (संवाद)